राज्यपाल से राजभवन में मिले गरीब बस्तियों के बच्चे
राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने राजभवन में उनसे मिलने पहुँचे गरीब बस्तियों के बच्चों के कार्यक्रम में कहा है कि बच्चों को उन्मुक्त होकर उड़ने का आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और नैतिक मूल्यों की जानकारी परंपरागत किस्से-कहानी के माध्यम से दी जानी चाहिए।
राज्यपाल श्री टंडन ने कहा कि बच्चों का बचपन उनका प्राकृतिक अधिकार है। नवजात बच्चा भी किलकारी मार कर और हाथ पैर चला कर खेल का आनंद प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि आज के यांत्रिक जीवन में बच्चों का बचपन का आनंद खो रहा है। बच्चों का बचपन बचाना समाज के हर सदस्य का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की शिक्षा प्रणाली में बच्चों को किस्से-कहानियों में जीवन की शिक्षा दी जाती थी। पचतंत्र जैसी अनेक पुस्तकें थीं, जिनमें खेल-खेल में नीति, उपदेश के बड़ी-बड़ी बातें सरलता से समझा दी जाती थी, जो जीवनभर उनका मार्गदर्शन करती थीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर सांदीपनि जैसे महान गुरू हुए है, जिन्हें 24 कलाओं की विशेषज्ञता हासिल थी। उनके आश्रम में राजसी और निर्धन परिवार के सदस्य समान रूप से शिक्षा प्राप्त करते थे। सामाजिक विषमताओं के भेद-भाव के बिना, सभी बच्चों को आनंदमय वातावरण में शिक्षा मिलती थी। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता सांदीपनि ऋषि के आश्रम में ही हुई थी